मुझे कैसे पता चलेगा कि मैंने अपना लिवर खराब कर दिया है?HealthPlanet

Posted on Fri 9th Dec 2022 : 14:25

लिवर क्या है? - What is Liver in Hindi?

लिवर हमारे शरीर का एक ऐसा अंग है जो हर जरूरी काम करता है जिससे हमारा शरीर स्वस्थ बना रहे। यह पेट के दाएं तरफ फेफड़े से बिल्कुल नीचे लगा हुआ होता है। लिवर शरीर के लगभग सभी रसायनों को नियंत्रित करने का काम करता है।

लिवर पित्त को बनाता है जो चर्बी को पचाने में मुख्य भूमिका निभाता है। किडनी और पेट से आने वाले रक्त के रसायनों को नियंत्रित करता है। यह ब्लड प्लाज्मा के लिए निर्धारित प्रोटीन का भी निर्माण करता है। हमारे खून को साफ करने से लेकर चोट लगने पर खून के थक्के बनाने को भी नियंत्रित करता है।

इसके अलावा भी लिवर कई अन्य जरूरी काम करता है; तभी हमारा शरीर स्वस्थ रहता है। इसलिए लिवर का स्वस्थ होना बहुत जरूरी होता है।


लिवर खराब होने के कारण - Causes of Liver Damage in Hindi

लिवर खराब होने के कई कारण हो सकते हैं। कई बार लिवर के बीमारी का कारण पता करना भी मुश्किल हो जाता है। लिवर खराब होने के मुख्य कारण इस प्रकार हैं:

संक्रमण: कई बार वायरस या परजीवी के कारण हमारे लिवर में संक्रमण हो सकता है जिससे लिवर में सूजन आ सकता है और इसे काम करने में परेशानी आ सकती है। हेपेटाइटिस ए, बी और सी वायरस के कारण अक्सर लिवर में संक्रमण देखने को मिलता है।
स्वप्रतिरक्षित रोग: कुछ लोगों को स्वप्रतिरक्षित (ऑटोइम्यून) रोग होता है। इस रोग में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली (इम्यून सिस्टम) अंगों को खत्म करने की कोशिश करता है जिससे लिवर में भी खराबी आ सकती है। जैसे ऑटोइम्यून हेपेटाइटिस में प्रतिरक्षा प्रणाली लिवर पर हमला करती है और प्राइमरी बिलियरी कोलंजाइटिस में प्रतिरक्षा प्रणाली पित्त के नालियों को नष्ट करने लगती है।
अनुवांशिक कारण: कई बार कुछ जन्मजात बीमारियां भी लिवर को खराब करने लगती हैं जैसे हेमोक्रोमैटोसिस ( अनुवांशिक बीमारी जिसके कारण लिवर तथा अन्य अंगों में आयरन इकट्ठा हो जाता है) और विल्सन की बीमारी ( अनुवांशिक बीमारी जिसके कारण लिवर व अन्य अंगों में कॉपर इकट्ठा हो जाता है)
कैंसर के कारण: जब लिवर में कैंसर कोशिकाएं बनने लगती हैं तो ये लिवर में घातक खराबी पैदा करती हैं।
अन्य कारण: शराब के अधिक सेवन, कुछ दवाइयों के कारण, लिवर में चर्बी बढ़ने के कारण भी लिवर खराब हो जाता है।

लिवर रोगों के प्रकार - Types of Liver Diseases in Hindi

लिवर रोगों के कई प्रकार हो सकते हैं लेकिन कुछ मुख्य प्रकार निम्नलिखित हैं:

नॉन एल्कोहलिक फैटी लिवर: जब लिवर में अधिक चर्बी जमा हो जाती है तो इसे फैटी लिवर की बीमारी कहते हैं। यह बीमारी अक्सर गलत खान - पान और मोटापे के कारण होती है।
एल्कोहलिक फैटी लिवर: यह बीमारी अक्सर अधिक शराब के सेवन से होती है। कई सालों से शराब का सेवन करने से लिवर में सूजन आ जाता है
हेपेटाइटिस ए: यह बीमारी अक्सर दूषित पानी, खाने या संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से होती है।
हेपेटाइटिस बी: यह बीमारी अक्सर असुरक्षित सेक्स, गर्भवती मां से बच्चे में, संक्रमित व्यक्ति के खून से फैलती है। हेपेटाइटिस बी से संक्रमित व्यक्ति को अगर टीका लगा हुआ है तो संक्रमण से बचा जा सकता है
हेपेटाइटिस सी: यह बीमारी अक्सर संक्रमित इंजेक्शन की वजह से होती है। इससे लिवर में सूजन आ जाता है। इसके कारण लिवर सिरोसिस जैसी बीमारी हो सकती है। हेपेटाइटिस सी के लिए वर्तमान में कोई टीका उपलब्ध नहीं है।
लिवर सिरोसिस: हेपेटाइटिस संक्रमण या लंबे समय से शराब का सेवन करने के कारण लिवर सिरोसिस की बीमारी हो जाती है। इस स्थिति को ठीक नही किया जा सकता है लेकिन लिवर में हो रही खराबी को बढ़ने से रोका जा सकता है।
हेमोक्रोमाटोसिस: यह एक प्रकार का विकार है जिसमे कई अंगों जैसे हृदय, लिवर, अग्न्याशय, पिट्यूटरी ग्रंथि में आयरन की मात्रा बढ़ जाती है। ऐसे में लिवर सिरोसिस, डायबिटीज, गठिया जैसे रोग होने की संभावना बहुत अधिक होती है।
लिवर कैंसर: जब लिवर में बेवजह कोशिकाओं का निर्माण होने लगता है जिसकी जरूरत लिवर को नहीं होती तो इसे लिवर कैंसर कहते हैं।

लिवर खराब होने के लक्षण - Symptoms of Liver Damage in Hindi

अक्सर मामलों में लिवर खराब होता रहता है लेकिन इसका पता नही लग पाता है। इसके लक्षण तब दिखते हैं जब लिवर काफी खराब हो चुका होता है। लिवर खराब होने पर ये लक्षण दिख सकते हैं:

भूख न लगना
अचानक वजन घटना
हमेशा थकान सा महसूस होना
मल का रंग बिल्कुल पीला हो जाना
जी मिचलाना और उल्टी होना
पेट, पीठ, हाथ और पैर की त्वचा में खुजली होना
बड़े आसानी से चोट लगना और खून बहना
पैरों या एड़ियों में सूजन आ जाना
पेट फूला हुआ महसूस होना
पेट में दर्द होना
पेशाब का रंग गहरा होना

लिवर खराब होने के जोखिम कारक - Risk Factors For Liver Damage in Hindi

वैसे तो कई संक्रामक वजहों से लिवर में संक्रमण हो सकता है और लिवर खराब होना शुरू हो सकता है लेकिन कुछ लोगों में अन्य वजहों से भी लिवर खराब होने का जोखिम रहता है। निम्नलिखित लोगों में लिवर खराब होने की संभावना रहती है:

शराब का अधिक सेवन करने वालों में
मोटापा होना
टाइप २ डायबिटीज
असुरक्षित संबंध बनाने से
अनुवांशिक कारणों से
कुछ रसायनों ( जैसे कार्बन टेट्राक्लोराइड और विनाइल क्लोराइड ) के संपर्क में रहने से भी लिवर को नुकसान पहुंचता है।


लिवर का निदान - Liver Diagnosis in Hindi

अगर आपके शरीर में लिवर खराब होने के लक्षण दिखते हैं तो डॉक्टर से संपर्क करें और अपनी जांच करवाएं। डॉक्टर आपके लक्षणों के आधार पर लिवर का निदान इस प्रकार कर सकते हैं:

लिवर फंक्शन टेस्ट: इस टेस्ट में खून के प्रोटीन, लिवर एंजाइम और बिलीरुबिन के स्तर का पता चलता है।
इमेजिंग टेस्ट: अल्ट्रा साउंड, सीटी स्कैन या एमआरआई स्कैन टेस्ट से लिवर में हो रही खराबी का पता चलता है।
लिवर बायोप्सी: लिवर बायोप्सी में लिवर के ऊतकों का एक छोटा सा टुकड़ा निकाला जाता है और इसे लैब में जांच के लिए भेज दिया जाता है। अक्सर लिवर बायोप्सी करने से पहले मरीज को हल्की एनेस्थीसिया दी जाती है जिससे मरीज को दर्द न हो।

लिवर खराब होने पर उपचार - Liver Damage Treatment in Hindi

लिवर का उपचार इसके निदान पर निर्भर करता है। लिवर के निदान के बाद रोग का पता चल जाता है। लिवर में हुए रोग के अनुसार डॉक्टर आपका उपचार करते हैं। अलग - अलग रोगों के लिए अलग उपचार किए जाते हैं। लिवर में होने वाले कुछ मुख्य रोगों के उपचार निम्नलिखित हैं:

अल्कोहलिक फैटी लिवर का उपचार: इस बीमारी में सबसे पहले डॉक्टर शराब के पूरी तरह छोड़ने की सलाह देते हैं। इसके अलावा कुछ स्टेरॉयड दिए जाते हैं। अगर नॉन एल्कोहलिक फैटी लिवर अधिक गंभीर हुआ तो लिवर ट्रांसप्लांट करना भी पड़ सकता है।
नॉन एल्कोहलिक फैटी लिवर का उपचार: इस बीमारी का कोई मानक ( स्टैंडर्ड ) इलाज नही है। इस स्थिति में डॉक्टर आपके लक्षणों को कम करने के लिए कुछ दवाईयां दे सकते हैं। इस रोग में डॉक्टर अक्सर मोटापा कम करने की सलाह देते हैं।
हेपेटाइटिस में उपचार: हेपेटाइटिस ए और बी से संक्रमित होने पर सबसे पहले टीका लगाया जाता है। हालांकि हेपेटाइटिस सी के लिए कोई टीका नही है और इसके लिए कुछ दवाईयां दी जाती हैं। अगर ये संक्रमण लंबे समय के लिए होते हैं और लिवर सिरोसिस या लिवर कैंसर की स्थिति पैदा करते हैं तो लिवर ट्रांसप्लांट की आवश्यकता पड़ सकती है।
लिवर सिरोसिस का उपचार: लिवर सिरोसिस लिवर की खराबी का गंभीर मामला होता है जिसे वापस ठीक नही किया जा सकता है। लिवर सिरोसिस को घरेलू उपाय जैसे व्यायाम करने से,शराब बिल्कुल न लेने से, स्वस्थ डायट लेने से और कुछ दवाइयों की मदद से बढ़ने से रोका जा सकता है।
लिवर कैंसर में उपचार: लिवर कैंसर के उपचार के लिए कई विकल्प होते हैं जैसे सर्जरी, लिवर ट्रांसप्लांट, एबलेशन, रेडिएशन थैरेपी और कीमोथेरेपी आदि। डॉक्टर आपके लिवर में खराबी के स्थिति के अनुसार लिवर कैंसर का इलाज करते हैं।

solved 5
wordpress 3 years ago 5 Answer
--------------------------- ---------------------------
+22

Author -> Poster Name

Short info